Blogमध्यप्रदेश

बड़वारा विधायक के पत्र पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, उमरियापान में यथावत रहेगा उड़द-मूंग खरीदी केंद्र, आदेश जारी

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

ढीमरखेड़ा तहसील के किसानों को बड़ी राहत, उमरियापान- बड़वारा विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह के पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ढीमरखेड़ा तहसील के किसानों को राहत प्रदान की है। कलेक्टर द्वारा उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र को ग्राम भूला के स्थान पर उमरियापान उप कृषि उपज मंडी परिसर में स्थापित करने के आदेश जारी किए गए हैं।

विधायक ने अपने पत्र में बताया था कि उमरियापान उप कृषि उपज मंडी में पूर्व वर्षों से उड़द एवं मूंग की खरीदी सुचारू रूप से होती रही है तथा यहां खरीदी के लिए पर्याप्त संसाधन और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद इस वर्ष खरीदी केंद्र राधेश्याम वेयर हाउस ग्राम भूला में स्थापित किए जाने से ढीमरखेड़ा तहसील के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए 30 से 100 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे उन्हें आर्थिक और परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

किसानों की समस्याओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए विधायक ने उमरियापान उप कृषि उपज मंडी में खरीदी केंद्र यथावत संचालित किए जाने का अनुरोध किया था। इस पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उमरियापान में उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

इस निर्णय से ढीमरखेड़ा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी तथा समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।

Related Articles

Back to top button