जन विश्वास अभियान में सख्त तेवर: लापरवाही पर वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश, अफसरों को दिया दो टूक संदेश ढीमरखेड़ा में जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने परखी जमीनी हकीकत, शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जबलपुर संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने शुक्रवार को कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के निर्धारित रोस्टर क्षेत्र का सघन भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का मौके पर सत्यापन किया। इस दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने गौरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्कूल में उपस्थिति और शिक्षा व्यवस्था परखी
ग्राम हल्का स्थित शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, नामांकन, ड्रॉपआउट तथा पाठ्य पुस्तक वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में पंजीकृत एवं उपस्थित बच्चों की संख्या तथा पोषण की स्थिति का जायजा लिया गया। गंभीर कुपोषित (एसएएम) एवं मध्यम कुपोषित (एमएएम) बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग और आवश्यकता अनुसार एनआरसी में प्रवेश दिलाकर उनके स्वास्थ्य संवर्धन के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र की निरीक्षण पंजी में लंबे समय से निरीक्षण दर्ज नहीं होने पर संभागायुक्त ने संबंधित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण और पोषण आहार वितरण की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से लिया फीडबैक
संभागायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलोंडी का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मेडिकल ऑफिसर से दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए अभिलेख एवं पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
6 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण
भ्रमण के बाद उप तहसील कार्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में संभागायुक्त शामिल हुए। कलेक्टर कटनी ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण की प्रगति से अवगत कराया। बताया गया कि जिले में अभियान के तहत 6 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।
बिजली आपूर्ति एवं वोल्टेज, पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाओं, हैंडपंप मरम्मत और प्रसूति सहायता सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित शिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। संभागायुक्त ने बताया कि जबलपुर संभाग में अभियान के तहत अब तक 41 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।
जनता की शिकायतों पर अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जन संवाद में खराब ट्रांसफार्मर, बिजली बिल, स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नल-जल योजनाओं, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य सुविधाओं, राशन वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और खाद वितरण से संबंधित समस्याएं सामने आईं।
हल्का ग्राम के किसानों ने सिलोंडी सोसायटी से समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। इस पर संभागायुक्त ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त संचालक कृषि को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें और सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जन संवाद में संभागायुक्त, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।




