मध्यप्रदेश

सहकारी बैंक CEO 96 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, केंद्रीय सहकारी बैंक प्रबंधक से धान भुगतान के बदले 3 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ले मांग था कमीशन

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

सतना- मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बावजूद भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग रहा। ताजा मामला सतना जिले का है, जहां जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्ण चंद्र शर्मा को रीवा लोकायुक्त की टीम ने 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, सहकारी केंद्रीय बैंक की नागौद शाखा के प्रबंधक सिद्धार्थ ओझा ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके कार्यक्षेत्र की पटवारा, रीछुल और दुरेहा समितियों में वर्ष 2025-26 के दौरान 32 हजार 300 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी।

धान खरीदी के भुगतान के संबंध में जब सिद्धार्थ ओझा ने बैंक के CEO कृष्ण चंद्र शर्मा से संपर्क किया तो आरोप है कि उन्होंने भुगतान कराने के एवज में 3 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 96 हजार 900 रुपये रिश्वत की मांग की।

प्रेम नगर के किराए के मकान में बिछाया जाल

शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने बुधवार को जाल बिछाया। टीम फरियादी को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी CEO के पास भेजा। कृष्ण चंद्र शर्मा ने प्रेम नगर स्थित अपूर्व बोस के किराए के मकान में रकम देने के लिए फरियादी को बुलाया था।

जैसे ही फरियादी ने 96 हजार रुपये आरोपी को दिए और उसने रिश्वत की रकम ली, वहां सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

लोकायुक्त ने जारी किया मोबाइल नंबर

लोकायुक्त रीवा ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय रीवा के मोबाइल नंबर 98936 07619 पर की जा सकती है।

आरोप और कानूनी कार्रवाई: आरोपी कृष्ण चंद्र शर्मा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

Related Articles

Back to top button