प्रशासनमध्यप्रदेश

सीएम हेल्पलाइन और जन-विश्वास अभियान पर सख्ती, सांदीपनी विद्यालयों की सतत मॉनिटरिंग के साथ दस्तक अभियान को मिशन मोड में चलाने, बारिशजनित बीमारियों से निपटने और स्कूल-आंगनवाड़ी-छात्रावासों के नियमित निरीक्षण पर जबलपुर संभागायुक्त जोर

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने शासन की प्राथमिक योजनाओं और अभियानों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सांदीपनी विद्यालयों के संचालन एवं व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग करने, दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग को मिशन मोड में कार्य करने और वर्षाजनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार के लिए तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।

संभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाए।

स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विषयों की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने दस्तक अभियान की प्रगति का जायजा लिया और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को वर्षा के कारण फैलने वाले संक्रामक रोगों की रोकथाम और उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्कूलों, आंगनवाड़ियों और छात्रावासों का होगा नियमित निरीक्षण

संभागायुक्त ने सांदीपनी विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, आंगनवाड़ियों और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर निरीक्षण पंजी में टीप दर्ज करने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पीएचई विभाग को भी पेयजल नमूनों की नियमित जांच कराने और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नगरीय प्रशासन, मंडी, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, जल निगम तथा निर्माण से जुड़े विभागों सहित अन्य विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को विद्यार्थियों तक पुस्तकें और छात्रवृत्ति समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए शिकायतकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं का समुचित समाधान सुनिश्चित करें।

खाद और राशन वितरण पर भी नजर रखने के निर्देश

संभागायुक्त श्री सिंह ने नवीन ई-विकास प्रणाली के तहत कृषकों को व्यवस्थित रूप से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राशन वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए गए।

Related Articles

Back to top button