Blogमध्यप्रदेश

जिस थाने की कमान संभाली, अब उसी पुलिस से बच रही पूर्व CSP!, जमीन सौदेबाजी कांड में नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपी फरार, SP ने गिरफ्तारी पर घोषित किया 10 हजार का इनाम

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

SIT की दबिश में मकानों पर मिले ताले, संभावित ठिकानों और संपर्कों को खंगाल रही पुलिस

कटनी- कभी पुलिस अधिकारी के रूप में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया अब खुद पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार बताई जा रही हैं। बहुचर्चित सीएसपी जमीन सौदा कांड में एफआईआर दर्ज होने के बाद पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया समेत तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

तीनों आरोपी ‘वांटेड’, पुलिस की टीमें लगातार दे रहीं दबिश

मामले में नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी को आरोपी बनाया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी और पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। गत दिवस कटनी पहुंची एसआईटी जब आरोपियों के मकानों पर पहुंची तो वहां ताले मिले। बताया जा रहा है कि मारूफ अहमद हनफी के घर पर कई दिनों से ताला लगा हुआ है।

82.86 लाख की गाइडलाइन वाली जमीन, रजिस्ट्री महज 18.20 लाख में

पूरा मामला कन्हवारा की जमीन के कथित सौदे से जुड़ा है। शिकायत और जांच में आरोप सामने आया कि करीब 82.86 लाख रुपए की गाइडलाइन कीमत वाली जमीन की रजिस्ट्री महज 18.20 लाख रुपए में कराई गई। जमीन सौदे को लेकर हुई जांच में पूर्व सीएसपी की भूमिका भी जांच के दायरे में आई, जिसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंचा और एफआईआर दर्ज की गई।

विभागीय जांच के बाद बढ़ी मुश्किलें

जमीन सौदा प्रकरण में नाम सामने आने के बाद नेहा पच्चीसिया की भूमिका को लेकर विभागीय स्तर पर जांच की गई। जांच आगे बढ़ने के साथ मामला एफआईआर तक पहुंचा और अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि जिस पुलिस विभाग में उन्होंने अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई, आज वही पुलिस उनकी तलाश में प्रदेशभर में दबिश दे रही है।

संपर्कों और आवाजाही पर भी पुलिस की नजर

इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश और तेज कर दी है। संभावित ठिकानों के साथ उनके संपर्कों, मोबाइल लोकेशन और आवाजाही से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। पुलिस का प्रयास है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले की कड़ियों को सामने लाया जा सके।

Related Articles

Back to top button