मुरैना में आधी रात दर्दनाक हादसा, सास-बहू समेत दो महिलाओं ने अस्पताल में तोड़ा दम; बेकाबू कंटेनर कच्चे मकान में घुसा, चालक फरार
मुरैना- जन्माष्टमी का त्योहार मनाकर पैदल घर लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया। मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर घिरौना मंदिर के पास देर रात करीब एक बजे हुए इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं ने ग्वालियर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में सास-बहू भी शामिल हैं।
मंदिर से लौटते वक्त मौत ने घेरा
जानकारी के अनुसार, घिरौना मंदिर पर हरफूल का पुरा गांव की एक दर्जन से अधिक महिलाएं जन्माष्टमी का पर्व मनाने पहुंची थीं। कार्यक्रम के बाद करीब रात एक बजे 50 वर्षीय कमला कुशवाहा पत्नी बालकिशन, उनकी 28 वर्षीय बहू पूनम कुशवाहा पत्नी धर्मवीर और पड़ोसी कमला कुशवाहा पत्नी फूल सिंह पैदल अपने गांव की ओर लौट रही थीं।
इसी दौरान मुरैना की ओर से तेज रफ्तार में आए कंटेनर ने तीनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर महिलाओं को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक कच्चे मकान में जा घुसा। हादसा इतना भयावह था कि कमला कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकीं दो जिंदगियां
हादसे में गंभीर रूप से घायल पूनम और दूसरी कमला कुशवाहा को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई।
कंटेनर जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को जब्त कर लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदलीं: एक साथ तीन महिलाओं की मौत से हरफूल का पुरा गांव में शोक की लहर है। त्योहार मनाकर घर लौट रही महिलाओं के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।