Blogमध्यप्रदेश

30 करोड़ के विवाह सहायता घोटाले में पूर्व मंत्री के रिश्तेदार पर ED का शिकंजा, सिरोंज जनपद के निलंबित CEO शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार, 9 सितंबर तक ईडी कस्टडी में भेजे गए

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश में सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग से जुड़े करीब 30.18 करोड़ रुपए के विवाह सहायता योजना घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन निलंबित CEO शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। उन्हें 3 सितंबर को भोपाल की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 9 सितंबर तक ईडी की कस्टडी में भेज दिया गया।

शोभित त्रिपाठी पर आरोप है कि सिरोंज जनपद पंचायत के CEO रहते हुए विवाह सहायता योजना में नियमों को ताक पर रखकर सरकारी राशि का वितरण किया गया। ईडी की जांच के अनुसार वर्ष 2019 से 2021 के बीच करीब 5923 संदिग्ध प्रकरणों में हितग्राहियों को 51-51 हजार रुपए की सहायता मंजूर कर राशि वितरित की गई। जांच में कुल करीब 30.18 करोड़ रुपए के भुगतान का मामला सामने आया है।

EOW की FIR के बाद ED ने शुरू की जांच

इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में शिकायत के बाद FIR दर्ज की गई थी। EOW की जांच में तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी की कथित भूमिका सामने आई। इसी आधार पर सरकारी फंड के कथित गलत इस्तेमाल से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने भी केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

मामला विधानसभा तक पहुंचा था

विवाह सहायता योजना में कथित गड़बड़ी का मामला तत्कालीन सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने विधानसभा में भी उठाया था। जांच के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर शोभित त्रिपाठी को निलंबित किया गया था।

2020 में EOW कर चुकी है गिरफ्तारी

शोभित त्रिपाठी की यह पहली गिरफ्तारी नहीं है। इससे पहले भी EOW ने वर्ष 2020 में उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वे करीब डेढ़ वर्ष तक जेल में रहे। अब विवाह सहायता योजना से जुड़े कथित करोड़ों रुपए के घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने उन्हें गिरफ्तार किया है।

शोभित त्रिपाठी का संबंध प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के परिवार से बताया गया है। मामले में ईडी की पूछताछ के दौरान सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग और उससे जुड़े लेन-देन की और परतें खुलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button