Blogमध्यप्रदेश

मिलावटी शराब ने सागर जिले में मचाया मौत का तांडव, 10 लोगों की मौत, कई की हालत बिगड़ी, कलेक्टर-एसपी पहुंचे मौके पर

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में रविवार सुबह कथित मिलावटी शराब ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग गांवों में शराब पीने के बाद 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।

मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45), निवासी गूगरा खुर्द; दिग्विजय (28) पुत्र देवेंद्र लोधी; करतार सिंह (30) पुत्र जोधन लोधी; उजयार सिंह (56) पुत्र विजय सिंह लोधी; रोशन लोधी (30) पुत्र जगन्नाथ, निवासी पाटन तथा राजेंद्र (32) पुत्र मूरत लोधी, निवासी नौराज-गूगरा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार मृतक गोलू को कैंसर की शिकायत भी थी।

पांच की हालत बिगड़ी, बीएमसी रेफर

शराब सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने वाले हरनाम (42) पुत्र घनश्याम राय, उत्तम नत्थू नायक (42), मंगल रजक (40), परम आदिवासी पुत्र रणसिंह और धनसिंह (30) को बेहतर उपचार के लिए सागर के बीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है। बंडा अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीणों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा निगरानी बढ़ा दी है।

कलेक्टर नेबख्श-दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

मौके पर पहुंचीं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जहरीली/मिलावटी शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बंडा क्षेत्र की सभी शराब दुकानों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रभावित नौराज, सेमरा, बामूरा, गूगरा और पाटन चौक सहित अन्य क्षेत्रों में चिकित्सकों की टीमें स्क्रीनिंग के लिए भेजी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन करने वाला कोई भी व्यक्ति तत्काल चिकित्सकीय जांच कराए, भले ही फिलहाल उसमें कोई लक्षण दिखाई न दे रहे हों।

घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button