Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी जिले के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब की पैकारियों के खिलाफ महिलाओं का दो माह में एक दर्जन से अधिक जगह प्रदर्शन

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब की पैकारियों के खिलाफ महिलाओं का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। कहीं महिलाएं सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर रही हैं, तो कहीं खुद अवैध शराब की खेप पकड़कर पुलिस के हवाले कर रही हैं।

थानों और एसडीएम कार्यालयों में ज्ञापन देने से लेकर सड़क पर शराब की बोतलें फोड़कर विरोध जताने तक के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले दो माह में जिले के अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं और ग्रामीणों ने अवैध शराब के खिलाफ सीधे मोर्चा संभाला है।

गांव-गांव तक पहुंच रही अवैध शराब की पैकारी

ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य शराब दुकानों से दूरी होने के बावजूद गांवों तक शराब आसानी से पहुंच रही है। कुछ गांवों में घरों और अन्य स्थानों से अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायतें भी की जा रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि नियमित निगरानी की कमी और शिकायतों पर कार्रवाई में देरी के कारण अवैध कारोबार करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं।

घर का माहौल बिगड़ने से परेशान महिलाएं

गांवों में शराब की आसानी से उपलब्धता महिलाओं की नाराजगी की प्रमुख वजह बन रही है। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शराब के नशे में युवा और पुरुष घरों में विवाद करते हैं। कई परिवारों में गाली-गलौज और मारपीट जैसी स्थितियां बन जाती हैं, जिसका सीधा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। घरेलू कलह और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही महिलाओं का मानना है कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है।

विरोध के लिए खुद आगे आ रहीं महिलाएं

अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाएं अब केवल शिकायत करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई जगह स्वयं आगे आकर विरोध दर्ज करा रही हैं। कहीं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया जा रहा है, तो कहीं कथित अवैध शराब की खेप पकड़कर पुलिस को सौंपी जा रही है। महिलाओं ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर अवैध बिक्री पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

शिकायत मिलते ही होती है कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि अवैध शराब के विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। शराब के दुष्परिणामों के खिलाफ अब महिलाएं भी आगे आकर शिकायतें कर रही हैं। पुलिस को सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे विरोध के मामले अब अवैध शराब की समस्या को लेकर बढ़ती जनचिंता की ओर इशारा कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि महिलाओं और परिवारों को इसके दुष्परिणामों से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button