मध्यप्रदेशराजनीति
BJP जिलाध्यक्ष की कार पर हमला, शीशे चकनाचूर, कमल के निशान वाली नेमप्लेट भी तोड़ी, घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर को अज्ञात बदमाशों ने बनाया निशाना, वारदात से शहर में सनसनी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

पन्ना- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अज्ञात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा की कार में जमकर तोड़फोड़ की। उनके निवास के ठीक सामने खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर बीती रात पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए गए। हमलावरों ने वाहन पर लगी नेमप्लेट और भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के फूल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है।

पत्थरों से हमला, गाड़ी को भारी नुकसान
जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा की फॉर्च्यूनर कार क्रमांक एमपी 35 जेडसी 1673 उनके घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान रात के अंधेरे में अज्ञात बदमाशों ने वाहन को निशाना बनाया। हमलावरों ने पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर कार के आगे और पीछे के शीशे चकनाचूर कर दिए। इसके अलावा गाड़ी पर लगी नेमप्लेट और भाजपा के प्रतीक चिह्न को भी तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और यह भी सामने नहीं आया है कि घटना किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
मौके पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।





