Blogमध्यप्रदेश

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले के तार मध्यप्रदेश से जुड़े, इंदौर से सोनीपत का युवक गिरफ्तार, मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

इंदौर- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में अब मध्यप्रदेश से भी कनेक्शन सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच के सहयोग से कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक प्रांजल ठकराल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस को उस पर हमले की कथित साजिश और शूटरों तक हथियार पहुंचाने में भूमिका होने का संदेह है। हालांकि, मामले में उसकी वास्तविक भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार रात इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया था। इसके बाद शनिवार को इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर प्रांजल ठकराल को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह करीब चार-पांच दिन पहले अपने भाई का इलाज कराने के लिए इंदौर आया था।

प्रांजल के पेशे से इंजीनियर होने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इंदौर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जा रहा है। वहां मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम उससे पूछताछ करेगी और हमले में उसकी भूमिका की जांच की जाएगी।

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग

जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। बताया जाता है कि टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। इसी दौरान भीड़ के कारण उनकी कार पार्क के बाहर रुकी, तभी बाइक सवार हमलावरों ने वाहन पर पांच राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

फायरिंग के दौरान कार के शीशे टूट गए थे। घटना में टाइगर को मामूली खरोंचें और चोटें आने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, वह इस हमले में सुरक्षित बच गए।

कोटा से तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार

हमले के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच तेज करते हुए अगले ही दिन राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों फूल सिंह (18), रेहान उर्फ सुक्का (18) और ऋतिक महतो (22) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सोनीपत और उत्तर प्रदेश से कुणाल, सुमित, राधा और बबीता नाम के चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई। इन पर कथित तौर पर शूटरों तक हथियार पहुंचाने का आरोप है।

अब इंदौर से प्रांजल ठकराल की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा मध्यप्रदेश तक पहुंच गया है। मुंबई में हुई फायरिंग की साजिश, हथियारों की व्यवस्था और आरोपियों के आपसी संपर्कों को लेकर पुलिस की पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल, प्रांजल की भूमिका और पूरे नेटवर्क के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button