प्रशासनमध्यप्रदेश

ईद मिलादुन्नबी को लेकर कटनी में प्रशासन अलर्ट, 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, कलेक्टर के निर्देश पर जुलूस व कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगी विशेष व्यवस्था

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी

कटनी- मुस्लिम समाज के प्रमुख धार्मिक पर्व ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को कटनी शहर में आयोजित होने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री आशीष तिवारी ने संबंधित विभागों को जुलूस मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी और कार्यक्रम समाप्ति तक संबंधित विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे।

सुबह वाहन रैली, दोपहर में पैदल जुलूस

ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी, कटनी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अगस्त को सुबह 8 बजे वाहन रैली तथा दोपहर 3 बजे पैदल जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। मुख्य जुलूस दिलावर चौक से प्रारंभ होकर यासीन चौक, शरीफ भाई की गली, डॉ. पाठक गली, आजाद चौक, मिशन चौक, गांधी द्वार, जवाहर चौक, सुभाष चौक, मोहन टॉकीज, कचहरी चौराहा एवं स्टेट बैंक क्षेत्र से होते हुए अन्जुमन इस्लामिया स्कूल पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।

विभिन्न स्थानों से निकलकर दिलावर चौक में जुटेंगे जुलूस

अन्जुमन इस्लामिया ट्रस्ट मुड़वारा द्वारा दिए गए कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे से विभिन्न स्थानों से जुलूस निकलकर दिलावर चौक में एकत्रित होंगे। इसके बाद लगभग दोपहर 2:30 बजे निर्धारित मार्ग से मुख्य जुलूस निकाला जाएगा।

जुलूस राजा चौक, शरीफ भाई की गली, आजाद चौक, मिशन चौक, नगर निगम के सामने से गांधी द्वार, जवाहर चौक, सुभाष चौक, मोहन टॉकीज एवं स्टेट बैंक के सामने से होते हुए अन्जुमन इस्लामिया स्कूल पहुंचेगा। यहां बच्चों का लगभग दो से तीन घंटे का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

पुलिस बल तैनात, यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संबंधित एसडीएम, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जिला पंचायत, शहरी विकास अभिकरण एवं यातायात पुलिस सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। निर्धारित मार्गों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सफाई, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी मुस्तैद

जुलूस मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों पर नगर निगम और संबंधित विभाग विशेष साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। आवश्यकता के अनुसार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को भी कार्यक्रम के दौरान आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

गृह विभाग के निर्देशों के अनुरूप रहेगी व्यवस्था

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संचालित करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य ईद मिलादुन्नबी के धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। जुलूस एवं सभी कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रशासन की विशेष व्यवस्था और सतत निगरानी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button