मध्य प्रदेश के रीवा में एक आइसक्रीम ठेले पर हुई (NDPS) एक्ट की कार्रवाई के बाद भारी बवाल खड़ा हो गया है। मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर थाने पहुंचे साहू समाज के युवा जिलाध्यक्ष व भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता बंसीलाल साहू और थाना प्रभारी (TI) विजय सिंह के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की नोकझोंक। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जिले के सिविल लाइन थाना परिसर में टीआई विजय सिंह गेट पर बैठे बीजेपी नेता बंसीलाल साहू का हाथ पकड़कर उठाते दिख रहे हैं और कड़े लहजे में कहते नजर आ रहे हैं, ”नौटंकी मत कर, वरना FIR ठोक दूंगा.थाने में भीड़ के दबाव में काम नहीं होगा”।
बंद ठेले की छत पर मिली थी कोरेक्स सिरप
दरअसल, पूरा विवाद सिविल लाइन थाना इलाके स्थित साईं मंदिर के सामने संचालित संगम आइसक्रीम ठेले से जुड़ा है। सिविल लाइन पुलिस ने ठेला संचालक धीरू साहू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए नशीली कोरेक्स सिरप बरामद की थी।
हालांकि, धीरू साहू के परिजनों और स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई रंजिशन कराई गई है। परिजनों का कहना है कि रात में जब ठेला बंद था, तब किसी ने साजिश के तहत ठेले की छत पर लगी पन्नी और छतरी के ऊपर कोरेक्स सिरप की शीशियां रख दीं और पुलिस को सूचना दे दी। ताला बंद होने के बावजूद पुलिस ने सिर्फ छत से सिरप बरामद कर केस दर्ज कर दिया।
TI और भाजपा नेता के बीच तीखी नोकझोंक
इसी कार्रवाई के विरोध में और निष्पक्ष जांच की मांग लेकर साहू समाज के युवा जिलाध्यक्ष और भाजपा नेता बंसीलाल साहू के नेतृत्व में व्यापारी और स्थानीय नागरिक सिविल लाइन थाने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान जब बंसीलाल साहू थाने के गेट पर बैठ गए, तो थाना प्रभारी विजय सिंह ने उन्हें वहां से हटने को कहा।
इसी दौरान माहौल गर्म हो गया। BJP नेता का आरोप है कि टीआई ने उनके साथ ‘तू-तड़ाक’ और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, सिर पर थप्पड़ मारा और फर्जी केस दर्ज करने की धमकी दी।