उमरियापान- कटनी जिले के उमरियापान में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिवभक्ति की अविरल धारा बही। मां नर्मदा कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में नगर में लगातार पांचवें वर्ष भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। करीब 500 कांवड़ियों ने मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर देवों के देव महादेव का जलाभिषेक किया और नगर व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह 8 बजे उमरियापान की हरदी नहर स्थित मां नर्मदा मंदिर में कांवड़िए एकत्रित हुए। पूजा-अर्चना के बाद मां नर्मदा का जल कांवड़ में भरकर सुबह 9 बजे यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में भगवान शंकर, माता पार्वती और बब्बर शेर की जीवंत झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
डीजे पर बज रहे शिव भजनों की धुन पर झूमते
शिवभक्तों के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। कांवड़ यात्रा हरदी नहर से बड़ी माई मंदिर, झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड मोहल्ला होते हुए टोला गांव पहुंची। यहां से यात्रा सिद्ध पुरुष श्री श्री 1008 बनवारीदास महाराज के भरभरा आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। आश्रम पहुंचने पर शिवभक्तों ने मां नर्मदा का पवित्र जल भगवान शंकर को अर्पित कर नगर और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शिवभक्तों के लिए शीतल जल, फल और अन्य प्रसाद के स्टॉल लगाकर भव्य स्वागत किया।
बनवारीदास महाराज ने किया कांवड़ियों का भव्य स्वागत
नगर भ्रमण के बाद जैसे ही कांवड़ यात्रा भरभरा आश्रम पहुंची, सिद्ध पुरुष बनवारीदास जी महाराज ने सभी कांवड़ियों का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। उन्होंने शिवभक्तों की सराहना करते हुए कहा कि यह यात्रा लगातार पांचवें वर्ष निकाली गई है और अब यह परंपरा रुकनी नहीं चाहिए। हर वर्ष इसी उत्साह और श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा निकलती रहे।
आश्रम में सभी कांवड़ियों के लिए भव्य भंडारे की व्यवस्था की गई थी। शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण करने के बाद बनवारीदास महाराज से आशीर्वाद लिया। आयोजन की व्यवस्था में नगर के शिवभक्तों ने बड़ी संख्या में सहयोग किया। यात्रा में माताएं, बहनें, बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करते नजर आए।