उमरियापान- उमरियापान से सिहोरा को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालक आए दिन गड्ढों से बचने के प्रयास में दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक गड्ढे सामने आने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से उमरियापान और सिहोरा के बीच आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग की उदासीनता लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
मरम्मत नहीं हुई तो बड़े हादसे का इंतजार?
स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत और सड़क के आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़क की स्थिति सुधारनी चाहिए।