प्रशासनमध्यप्रदेशराजनीति

रीवा मेडिकल कॉलेज में महिला से कथित दुर्व्यवहार पर गरमाया मामला, “माफी नहीं, जांच के बाद अपराध हो दर्ज” दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, परिजनों से पैसे मांगने के आरोप की भी जांच की मांग

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी

भोपाल- रीवा मेडिकल कॉलेज में सामने आए महिला से कथित दुर्व्यवहार के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर मांग उठी है कि घटना को महज गलती मानकर माफ करने के बजाय पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जाए।

मामले में अस्पताल के भीतर सामने आए वीडियो को आधार बनाकर कई बिंदुओं पर जांच की मांग की गई है। सवाल उठाया गया है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग महिला को कथित तौर पर जबरन क्यों पकड़ रहे थे और उसे रोकने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

“मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे” महिला के कथित बयान पर सवाल

जांच की मांग करने वालों ने कहा है कि जब महिला अस्पताल के अंदर से भागने का प्रयास कर रही थी, तब वह कथित रूप से चिल्ला रही थी कि “मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे।” ऐसे में यह गंभीर सवाल है कि महिला को आखिर किससे खतरा महसूस हो रहा था और उसने इस तरह की बात क्यों कही। इस पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच किए जाने की मांग की गई है।

डॉक्टर के कथित बयान और पैसे मांगने के आरोप की भी जांच की मांग

मामले में डॉक्टर राहुल मिश्रा के कथित व्यवहार पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने परिजनों को डांटते हुए कहा कि “लड़की को 22 वर्ष में प्रेग्नेंट क्यों होने दिया।” इस कथित टिप्पणी को गंभीर बताते हुए इसकी जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

वहीं, परिजनों द्वारा पैसे मांगे जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। मांग की गई है कि जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि पैसे किसने मांगे, किस उद्देश्य से मांगे गए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कब होगी।

मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रीवा मेडिकल कॉलेज विंध्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान है। ऐसे में अस्पताल में मरीजों अथवा उनके परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट जैसी घटनाओं को लेकर चिंता जताई गई है। मांग उठी है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

स्वास्थ्य मंत्री के गृह क्षेत्र में घटना से सरकार पर सवाल

मामले को लेकर यह भी कहा गया है कि उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के गृह क्षेत्र रीवा में यदि मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थान में इस प्रकार की घटनाएं सामने आती हैं, तो इससे आमजन के बीच सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विश्वास प्रभावित हो सकता है।

मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और जांच में आरोप प्रमाणित होने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था लागू की जाए।

Related Articles

Back to top button