Blogमध्यप्रदेश

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, MP से खाटूश्याम दर्शन को निकले श्रद्धालुओं से भरा वाहन खाई में गिरा, 8 भक्तों की मौत, 15 से अधिक घायल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल/बैतूल- खाटूश्याम के दर्शन के लिए निकले मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के श्रद्धालुओं के साथ राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कोटा के पास कराड़िया क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में आठ भक्तों की मौत की सूचना है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही बैतूल में मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।

सुबह करीब 6 बजे हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। पुलिस को आशंका है कि वाहन चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

न्यू मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज

हादसे में घायल लोगों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नीलेश जैन के अनुसार, अधिकांश घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का उपचार जारी है।

बैतूल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे में अपनों को खोने की खबर से बैतूल में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजन बदहवास हैं, वहीं कई लोग घटना की जानकारी मिलते ही कोटा के लिए रवाना हो गए हैं। प्रारंभिक सूचना में मृतकों के नाम अरुणा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, वैष्णवी, कृष्णा, राजू और त्रिशा बताए गए हैं। मृतकों में वाहन चालक के भी शामिल होने की जानकारी है।

नोट: मृतकों की कुल संख्या, नामों और अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।

Related Articles

Back to top button