मध्यप्रदेश

भोपाल पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ शस्त्र पूजन, हवन के बाद किया सांकेतिक हर्ष फायर, मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, सांसद आलोक शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- विजयादशमी के पावन अवसर पर भोपाल के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार को परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में शस्त्रों, पुलिस वाहनों एवं अन्य मशीनरी की पूजा-अर्चना की गई। पूजन के उपरांत सांकेतिक रूप से हर्ष फायर भी किया गया।

विजयादशमी पर शस्त्र पूजन पुलिस विभाग की पुरातन परंपरा का हिस्सा है। इसी परंपरा के तहत प्रतिवर्ष जिला मुख्यालयों में शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर शक्ति, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति संकल्प व्यक्त किया जाता है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजन के साथ हवन भी किया गया।

कार्यक्रम में मंत्री श्री विश्वास सारंग, महापौर श्रीमती मालती राय, सांसद श्री आलोक शर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार, संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा तथा विधायक डॉ. भगवानदास सबनानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एडिशनल कमिश्नर श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान, श्रीमती मोनिका शुक्ला एवं श्रीमती श्रद्धा तिवारी, डीसीपी श्री अखिल पटेल, श्री आदर्श कांत शुक्ला एवं श्री आयुष गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी, रक्षित केंद्र का स्टाफ और मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार ने पुलिस परिवार, मीडिया बंधुओं और समस्त शहरवासियों को विजयादशमी एवं दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Related Articles

Back to top button