मध्यप्रदेश

ढीमरखेड़ा में आयोजित रोजगार शिविर में 145 युवाओं ने पंजीयन कराया, 48 युवाओं को मौके पर मिला जॉइनिंग लेटर

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर सोमवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया गया। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित इस शिविर में निजी क्षेत्र की कंपनी एसआईएस प्राइवेट लिमिटेड, सिंगरौली ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संपन्न की।

इस शिविर में विकासखंड ढीमरखेड़ा के 145 बेरोजगार युवाओं ने पंजीयन कराया। चयन प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा एवं अन्य चरणों के बाद 48 युवाओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही जॉइनिंग लेटर प्रदान किए गए, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था। बड़ी संख्या में युवाओं ने इसमें भाग लिया और चयनित अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन एवं रोजगार विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला रोजगार कार्यालय से श्री अनिल कुमार तिवारी तथा एनआरएलएम से सुश्री जया कोष्ठी का विशेष योगदान रहा।

जिला रोजगार अधिकारी सुषमा विश्‍वकर्मा ने युवाओं से अपील की है कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button