कटनी/ढीमरखेड़ा- कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र से फर्जीवाड़े का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो युवकों ने तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षर कर 9 किसानों को पट्टा बनवाने का झांसा दिया और उनसे करीब 2 लाख 17 हजार रुपए की राशि वसूल ली। मामले की शिकायत मिलने पर तहसीलदार नितिन पटेल ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।
तहसीलदार नितिन पटेल ने जानकारी देते हुए बताया है कि मेरे बिना जानकारी के हस्ताक्षर हुए है जिस पर पता लगाने पर जानकारी लगीं की कोई मेरे फर्जी हस्ताक्षर कर रहा है। खोजबीन की गई तो दो लोगों के नाम सामने आए हैं। जो कछारगांव व गौरा गौरी के निवासी है। और कछारगांव में बैठकर यह कार्य करते हैं। कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा को शिकायत पत्र दिया है।
थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि ढीमरखेड़ा तहसीलदार नितिन पटेल की शिकायत पर कछार गांव बड़ा निवासी दीपक लोधी और गौरा गौरी निवासी लक्ष्मण गोंड के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।