Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

48 घंटे की बारिश से मध्यप्रदेश बेहाल, नदी-नाले उफान पर; कई गांवों का संपर्क टूटा, नागौद में उफनते नाले में बहे तीन बाइक सवारों में एक की मौत, पन्ना में डंपर समेत बहा चालक; रीवा में 150 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसे हालात

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

रीवा/सतना/पन्ना- मध्यप्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले करीब 48 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण रीवा, सतना, पन्ना सहित कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई पुल और रपटे पानी में डूब गए हैं, जिससे गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और शहर से लेकर गांवों तक जलभराव की स्थिति नजर आ रही है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों, पुलों और रपटों को पार न करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

नागौद में नाला पार करते समय बाइक सवार बह गए

सतना जिले के नागौद क्षेत्र में उफनते ललचहा इटमा नाले में बीती रात एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग बह गए। हादसे के बाद दो युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीसरे युवक की तलाश में एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह युवक का शव बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बालेंद्र सिंह सेमरी उर्फ गप्पू अपनी बाइक से गांव सेमरी जा रहे थे। रास्ते में दीपू पांडेय अमसिल ने लिफ्ट मांगी और उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। जैसे ही बाइक उफनते नाले के ऊपर पहुंची, तेज बहाव के कारण अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। तीनों लोग पानी में बहने लगे और तैरकर बाहर निकलने का प्रयास किया। बालेंद्र और दीपू किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीसरा युवक लापता हो गया। लगातार तलाश के बाद सुबह उसका शव मिला। मृतक की पहचान लवकुश के रूप में हुई है।

पन्ना में पुल पार करते समय डंपर समेत बहा चालक

पन्ना जिले में भी तीन दिन से जारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नदी-नालों में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद लापरवाही सामने आई। भारी बारिश के बाद रुन्झ नदी के शहपुरा पुल के ऊपर से तेज बहाव के बीच एक डंपर चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया। तेज पानी के बहाव में डंपर बह गया और उसके साथ चालक भी लापता हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद धरमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक चालक का कोई पता नहीं चल सका था।

रीवा में 24 घंटे में 187 मिमी बारिश, 150 से ज्यादा गांव प्रभावित

रीवा में भी बारिश का प्रकोप देखने को मिला। गुरुवार और शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया गया है कि 24 घंटे में करीब 187 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद जिले के 150 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कई क्षेत्रों में संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं और नदी-नालों के उफान पर होने से आवाजाही में मुश्किलें आ रही हैं।

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और राहत दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी स्थिति में उफनते नालों और पानी से डूबे पुलों को पार करने का प्रयास न करें।

Related Articles

Back to top button