मध्यप्रदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को प्रधानमंत्री के ‘युवा कनेक्ट’ लाइव संवाद के लिए तिलक महाविद्यालय कटनी का ‘ए’ कैटेगरी में चयन
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी का चयन प्रधानमंत्री के ‘युवा कनेक्ट’ संवाद के लाइव प्रसारण के लिए ‘ए’ कैटेगरी में किया गया है। महाविद्यालय का चयन राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय, भोपाल तथा माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे महाविद्यालय परिसर में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री के औपचारिक संबोधन का लाइव प्रसारण होगा। साथ ही युवाओं के साथ टू-वे अर्थात दोतरफा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, युवा तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए महाविद्यालय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई के निर्देशन में नोडल अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग, राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठन अधिकारी डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राजकुमार, एनसीसी अधिकारी डॉ. सरदार दिवाकर तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया जाएगा।





