प्रशासनमध्यप्रदेश

हेल्पलाइन तक पहुंचने से पहले ही निपटें आमजन के काम- सीएम डॉ मोहन यादव

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मंत्रालय में विशेष बैठक: बायोमेट्रिक अटेंडेंस, आवास पट्टे, नर्मदा मिशन, पेयजल-सीवरेज और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर फोकस

भोपाल- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर निर्देश दिए कि आमजन के कार्य हेल्पलाइन तक पहुंचने से पहले ही प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और अधिकारी सक्रियता से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रालय सहित विंध्याचल एवं सतपुड़ा भवन में बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था का कड़ाई से पालन हो और इसकी नियमित निगरानी वरिष्ठ अधिकारी सुनिश्चित करें।

ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी भूमि घोषित कर भूमिहीन परिवारों को आवास पट्टे उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को निःशुल्क रजिस्ट्री का लाभ सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया। नर्मदा समग्र मिशन से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज प्रबंधन की परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़े विभिन्न कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ ऐसे प्रभावी उपाय भी किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का प्रबंधन सुगम और व्यवस्थित हो सके।

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने विभागों से पदोन्नति की प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रखने को कहा। उन्होंने केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों के साथ आवश्यक समन्वय बढ़ाकर विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button