Blog
ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, सवर्ण समाज थाने पहुंचा, स्क्रीनशॉट सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग, 1 सितंबर को आरक्षण विरोधी आंदोलन के समर्थन में एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

ढीमरखेड़ा- सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को ढीमरखेड़ा में सवर्ण समाज का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में समाज के लोग थाना परिसर पहुंचे और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी को शिकायत सौंपकर कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली हैं और समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं।

समाज के लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं। पोस्ट सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्क्रीनशॉट सौंपा, पुलिस ने शुरू की जांच
प्रदर्शनकारियों ने विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध सामग्री पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों के अनुसार, विरोध बढ़ने के बाद संबंधित व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर डाली गई कथित आपत्तिजनक सामग्री को बाद में संदेश के माध्यम से डिलीट कर दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सामग्री डिलीट करने से उसकी गंभीरता समाप्त नहीं हो जाती।





