मध्यप्रदेश

जबलपुर की सड़कों पर दौड़ी ई-बसें, बदलेगा शहर का सफर,10 इलेक्ट्रिक बसों से पीएम ई-बस सेवा का सफल ट्रायल रन, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह व महापौर जगत बहादुर (अन्नू) ने बस में सफर कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा। जबलपुर में पीएम ई-बस सेवा का सफल ट्रायल रन किया गया। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने स्वयं ई-बस में सफर कर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, तकनीक और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ट्रायल रन के दौरान सिविल लाइन चौक से गोरखपुर मार्ग तक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया गया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पीएम ई-बस सेवा शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस ये पर्यावरण-अनुकूल बसें नागरिकों को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन से शहर में प्रदूषण कम करने के साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। आधुनिक तकनीक से युक्त इन बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इससे नागरिकों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने बताया कि पीएम ई-बस योजना के अंतर्गत 10 बसों से ट्रायल रन शुरू किया गया है। उन्होंने इसे जबलपुर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

ई-बस सेवा के ट्रायल रन के अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, नगर भाजपा अध्यक्ष श्री रत्‍नेश सोनकर, श्री कौशल सूरी, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, श्री दामोदर सोनी, श्री विवेक राम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर श्री रवि शंकर राय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button