मध्यप्रदेश

रीवा में महिला की मौत पर सख्त हुआ प्रशासन, मजिस्ट्रेटियल जांच के आदेश, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अनशन स्थल पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, 30 दिवस में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

रीवा- संजय गांधी अस्पताल में 26 अगस्त को उपचार के दौरान महिला श्रीमती कल्पना मिश्रा की हुई दुखद मौत के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रेटियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर को जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

महिला के पिता श्री राम शिरोमणि मिश्रा अपनी बेटी की मौत की जांच और दोषी डॉक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर सिरमौर चौराहे पर आमरण अनशन कर रहे हैं। शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल अनशन स्थल पहुंचे और श्री राम शिरोणि मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्पना मिश्रा की मौत अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि मामले की मजिस्ट्रेटियल जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में शासन और प्रशासन उनके साथ है।

बताया गया कि घटना में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए दो डॉक्टरों और नर्सों के विरुद्ध पहले ही निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है। अब पूरे मामले की मजिस्ट्रेटियल जांच के माध्यम से घटनाक्रम, उपचार व्यवस्था और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मजिस्ट्रेटियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। एसडीएम सिरमौर श्रीमती दृष्टि जायसवाल को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें पूरे मामले की जांच कर 30 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button