Blogमध्यप्रदेश

उमरियापान में निकाली गई 2 भव्य चुनरी यात्राएं, पहली बड़ी माई, तो दूसरी मां महाकाली को की गई अर्पित, जयकारों से गूंजा नगर

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

उमरियापान- नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर उमरियापान में भक्ति, आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दो भव्य चुनरी यात्राएं निकाली गईं। मां के जयकारों के बीच निकलीं इन यात्राओं में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। एक यात्रा में 211 मीटर लंबी लाल चुनरी मां बड़ी माई को, जबकि दूसरी यात्रा में 211 मीटर लंबी काली चुनरी मां महाकाली के चरणों में अर्पित की गई।

मां बड़ी माई के दरबार पहुंची लाल चुनरी यात्रा

पहली भव्य चुनरी यात्रा मचखंडा मोहल्ला स्थित माई के दरबार से प्रारंभ हुई। यात्रा कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक से होते हुए प्राचीन बड़ी माई मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ 211 मीटर लंबी लाल चुनरी मां बड़ी माई को अर्पित की गई। इस दौरान श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए।

मां महाकाली को अर्पित की गई काली चुनरी

वहीं, दूसरी चुनरी यात्रा बड़ी माई मंदिर से प्रारंभ होकर झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड होते हुए बानी समाज महाकाली दुर्गोत्सव समिति द्वारा स्थापित मां महाकाली के पंडाल पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने 211 मीटर लंबी काली चुनरी मां महाकाली को अर्पित कर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने मां से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

दोनों चुनरी यात्राओं के माध्यम से उमरियापान में नवरात्र की धार्मिक परंपरा और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का भव्य दृश्य देखने को मिला। मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Related Articles

Back to top button