Blogमध्यप्रदेश

उफनती नर्मदा में 15 लोगों से भरी मोटर बोट पलटी, मची अफरा-तफरी, इंजन फेल होने से बहाव में बही नाव, नाविकों ने दिखाई बहादुरी; लाइफ जैकेट ने बचाई सभी की जान

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी

जबलपुर- बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद उफान पर चल रही नर्मदा में शुक्रवार को गौरीघाट पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नर्मदा में गश्त कर रही होमगार्ड की करीब 15 लोगों से भरी मोटरबोट अचानक तेज बहाव के बीच पलट गई। नाव का इंजन फेल होने के बाद वह पानी के बहाव में बहने लगी, जिससे उसमें सवार प्रशिक्षुओं में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इंजन बंद होते ही बहाव में बहने लगी नाव

बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण इन दिनों नर्मदा का जलस्तर बढ़ा हुआ है। गौरीघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए होमगार्ड की गश्ती नौका तैनात थी। शुक्रवार को गश्त के दौरान तेज बहाव के बीच अचानक मोटरबोट का इंजन बंद हो गया। इंजन फेल होते ही नाव नियंत्रण खोकर पानी में बहने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव में करीब 15 लोग सवार थे। इनमें होमगार्ड के प्रशिक्षु भी शामिल थे। अचानक आई तकनीकी खराबी से नाव में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

नाविकों ने पहुंचकर बचाई जान

मोटरबोट को बहते देख घाट पर मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत मदद के लिए आगे बढ़े। तीन-चार नाविक अपनी नाव लेकर गश्ती नौका तक पहुंचे और उसमें सवार प्रशिक्षुओं को अपनी नाव में सुरक्षित बैठाया। इसके बाद रस्सी की मदद से होमगार्ड की मोटरबोट को बांधकर काफी मशक्कत के बाद किनारे तक लाया गया।

पुलिस ने कहा- इंजन फेल होने से हुआ हादसा

ग्वारीघाट पुलिस के अनुसार मोटरबोट का इंजन अचानक फेल हो गया था, जिसके चलते वह तेज बहाव में अनियंत्रित होकर पलट गई। क्षेत्रीय नाविकों के सहयोग से सभी सवारों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

नर्मदा में बढ़े जलस्तर के बीच हुए इस घटनाक्रम ने घाट पर सुरक्षा और गश्ती नौकाओं की तकनीकी स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button