Blogमध्यप्रदेश

कटनी के ढीमरखेड़ा में कथित एक डॉक्टर पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप, अधिवक्ता जयप्रकाश शुक्ला ने जांच के लिए लिखा प्रवर्तन निदेशालय को पत्र

अधिवक्ता जयप्रकाश शुक्ला ने प्रवर्तन निदेशालय को भेजा शिकायत पत्र, आय से अधिक संपत्ति, जमीन खरीद-फरोख्त और वित्तीय लेनदेन की जांच की उठाई मांग।, जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी

कटनी- जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र के निवासी एक कथित डॉक्टर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग की गई है। अधिवक्ता जयप्रकाश शुक्ला ने प्रवर्तन निदेशालय, नई दिल्ली को भेजे गए शिकायत पत्र में बरेली रामपुर निवासी डॉ. रंजीत पटेल पर मनी लॉन्ड्रिंग सहित विभिन्न वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के पास डॉक्टर की मान्य डिग्री नहीं होने के बावजूद वह चिकित्सकीय कार्य कर रहा है। साथ ही आय-व्यय का विवरण शासन को प्रस्तुत नहीं किया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा अपने पुत्र की मेडिकल शिक्षा के लिए कथित रूप से एक करोड़ रुपये का भुगतान किया गया तथा इस राशि के स्रोत की जांच की जानी चाहिए।

शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति ने विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में जमीन की खरीद-फरोख्त की है। साथ ही शासकीय भूमि एवं पुराने राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों में भी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विस्तृत जांच की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि ढीमरखेड़ा थाने में वर्ष 2026 में दर्ज एक प्रकरण में लगभग 24 लाख रुपये के गबन का उल्लेख है। इसके अतिरिक्त राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर, शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण तथा शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप भी शिकायत में शामिल किए गए हैं।

अधिवक्ता जयप्रकाश शुक्ला ने प्रवर्तन निदेशालय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button