उज्जैन- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उज्जैन के पंवासा में आयोजित ‘रक्षाबंधन महोत्सव’ में नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता कर बहनों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और बहनों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र उज्जैन दक्षिण में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस आत्मीय आयोजन में बहनों से राखी बंधवाना उनके लिए सदैव भावुक और विशेष क्षण रहा है। इस बार व्यस्तता के कारण वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजन से जुड़े, लेकिन बहनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उन्हें पूर्ववत प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहनों का यह प्रेम और अटूट विश्वास उनके लिए अनमोल है। यही आत्मीयता उन्हें निरंतर जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी बहनों को एक बार फिर रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।