Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

जबलपुर RTO में बस ऑपरेटरों की बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के निर्देश, तय किराए से ज्यादा वसूली की तो कार्रवाई तय, निर्धारित किराया सूची बसों में चस्पा कराई, शिकायत मिलने पर परमिट शर्तों के उल्लंघन में होगी सख्त कार्रवाई

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक बस किराया वसूले जाने की शिकायतों के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में शहर के समस्त बस ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रिंकू शर्मा ने बस संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायत मिलने पर इसे परमिट की शर्तों का उल्लंघन माना जाएगा और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन के परिवहन विभाग द्वारा हाल ही में बस किराए में वृद्धि की गई है, लेकिन कुछ बस ऑपरेटरों द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने की जानकारी सामने आ रही है। ऐसे में यात्रियों के हितों की रक्षा के लिए किराया सूची का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में बस संचालकों की विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इनमें मुख्य रूप से के. फार्म, व्हीएलटीडी से जुड़े मुद्दे तथा वाहन स्क्रैपिंग योजना के तहत पंजीकृत वाहनों को मासिक टैक्स में छूट नहीं मिलने संबंधी शिकायतें शामिल रहीं। इन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में आईएसबीटी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर तिवारी सहित बड़ी संख्या में बस संचालक उपस्थित रहे। बैठक के बाद आरटीओ अधिकारियों ने आईएसबीटी बस स्टैंड पहुंचकर बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर तिवारी एवं अन्य बस संचालकों की मौजूदगी में विभिन्न मार्गों पर संचालित बसों में निर्धारित किराए की सूची चस्पा कराई, ताकि यात्रियों से तय दर से अधिक किराया वसूली पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button