Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

ग्वालियर सड़क हादसे पर CM डॉ मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP को हटाया, 3 थाना प्रभारी सहित 8 पुलिसकर्मी निलंबित

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

ग्वालियर- शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं को कुचलने वाले भीषण सड़क हादसे के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे पर बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हादसे में जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

तीन थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित

मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को पद से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश

हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिले के बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावितों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से की प्रार्थना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

ग्वालियर का यह हादसा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। सरकार की कार्रवाई के बाद अब हादसे से जुड़े सुरक्षा इंतजामों और ड्यूटी में कथित लापरवाही की जवाबदेही पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button