सीधी- मध्य प्रदेश के सीधी शहर में रविवार सुबह गांधी चौक स्थित पार्किंग स्थल की चौपाटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझने तक दोनों दुकानें जलकर खाक हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह चौपाटी की एक दुकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पास की दूसरी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों दुकानें आग की भेंट चढ़ चुकी थीं।
आग लगने का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में हुए नुकसान का आकलन भी स्पष्ट नहीं है। आग लगने की वजह जानने के लिए जांच आवश्यक है।