हर आवेदन का हो तथ्यपरक परीक्षण, पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
कटनी- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 144 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का तथ्यपरक परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुआवजा, आवास, सड़क, भूमि, पेंशन, आर्थिक सहायता और शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित आवेदन प्रमुखता से आए। कलेक्टर ने अधिकारियों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समस्या लेकर आए नागरिक को समाधान लेकर लौटना चाहिए
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रहें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण के न्यायसंगत और स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई हो। किसी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और जनसुनवाई के आवेदनों की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को तकनीकी अथवा प्रक्रियागत कारणों से अनावश्यक परेशानी न हो। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
मुआवजा, आवास और सड़क से जुड़े आवेदन
जनसुनवाई में ग्राम खरखरी निवासी रामकिशोर पटेल ने नलकूप की मुआवजा राशि, ग्राम उरदानी निवासी सेवानिवृत्त कोटवार नत्थू लाल दहायत ने सहायता राशि तथा ग्राम जरवाही निवासी शकुन बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने संबंधी आवेदन दिया। बरही निवासी दुलारे बर्मन ने भूमि नामांतरण की मांग रखी।
ग्राम सिमरिया निवासी सरस्वती बाई ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई। ग्राम छितवारा के ग्रामीणों ने बिछुआ से छितवारा तक सड़क निर्माण, ग्राम टिकरवारा निवासी रानी सिंह ने लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिलने, ग्राम धवैया निवासी दशरथ चौधरी ने आबादी भूमि से कब्जा हटाने तथा ग्राम पंचायत तिगवा निवासी रामसेन लोधी ने दिव्यांगता आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।