प्रशासनमध्यप्रदेश

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त एक्शन, लापरवाह अफसरों पर गिरी गाज, तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश, अधूरी तैयारी और देरी पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जताई नाराजगी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि अधूरी तैयारी, लापरवाही, देरी और बैठक से अनुपस्थिति अब बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय अद्यतन जानकारी, लंबित प्रकरणों और की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी के साथ समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए।

बैठक में समय पर उपस्थित नहीं होने एवं अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग, मंडी सचिव तथा बीईओ रीठी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा की बैठक शासन की प्राथमिकताओं और लंबित मामलों की समीक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें और अपने विभागीय दायित्वों की नियमित मॉनीटरिंग करें।

लापरवाही पर पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश

राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान फौती नामांतरण के लंबित प्रकरण का समय पर निराकरण नहीं करने पर कलेक्टर ने तहसील बरही में पदस्थ पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

नायब तहसीलदार सिलौड़ी को सिलौड़ी बस स्टैंड से अवैध कब्जा हटवाकर वहां शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं तहसीलदार बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा को फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने को कहा गया। नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती के लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को एक माह के भीतर फसल गिरदावरी पूर्ण करने को कहा। डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तहसीलदार स्लीमनाबाद एवं विजयराघवगढ़ के प्रति नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अवैध उत्खनन पर चलेगा अभियान

जिले में, विशेषकर कन्हवारा क्षेत्र में अवैध उत्खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खनिज विभाग को अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध उत्खनन में संलिप्त वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

ओवरब्रिज पर निकली सरिया की होगी मरम्मत

कलेक्टर ने बरगवां से जगन्नाथ चौक तक ओवरब्रिज मार्ग पर निकली सरिया के कारण उत्पन्न समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग सेतु के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण सेतु से भी चर्चा की जा चुकी है।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई

बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, कृषि, लोक निर्माण, खनिज, ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं विवाह पंजीयन से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित जनपद सीईओ को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कराने को कहा।

चार तहसीलों में बने हेलीपैड, चार में भूमि चिन्हांकन जारी

पिछली बैठक में तहसील मुख्यालयों में पक्के हेलीपैड निर्माण के निर्देशों के पालन में झिंझरी कटनी, बड़वारा, स्लीमनाबाद और बरही में हेलीपैड बन चुके हैं। वहीं रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा में भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई जारी है। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

एएनसी पंजीयन और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जोर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की एएनसी जांच तथा एनीमिया के मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई।

सिलौड़ी अस्पताल में बुधवार और शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए गए, ताकि निर्धारित दिनों में क्षेत्र के लोगों को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की। विजयराघवगढ़ सीडीपीओ को पात्र हितग्राहियों के नए जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने की हिदायत

विभिन्न विभागों की स्वरोजगार एवं आर्थिक कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम उपायुक्त को सर्वे कराकर पीएम स्वनिधि योजना के लक्ष्य पूरे कराने की हिदायत दी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, समस्त एसडीएम, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button