जिला पंचायत सदस्य मोहिनी देवी पांडेय की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने दिए जांच के निर्देश
कटनी- शासकीय विद्यालयों में पुस्तक परिवहन के संबंध में प्राप्त शिकायत को जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायत की बिंदुवार जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति को सात दिवस के भीतर जांच पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहिनी देवी पांडेय द्वारा जिला शिक्षा केंद्र कटनी के माध्यम से शासकीय विद्यालयों में पुस्तक परिवहन से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में वर्णित तथ्यों की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए जांच समिति गठित की है।
इन अधिकारियों को सौंपी जांच की जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार समिति में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी, लेखा अधिकारी श्री सुरभित अग्रवाल, जिला शिक्षा केंद्र के एपीसी श्री राम भूषण अग्निहोत्री तथा जनपद शिक्षा केंद्र कटनी के बीआरसी श्री मनोज गौतम को शामिल किया गया है।
समिति को शिकायत पत्र में उल्लेखित सभी तथ्यों की बिंदुवार जांच करते हुए निर्धारित समयावधि में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में सहयोग के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र कटनी को निर्देशित किया है कि जांच के दौरान समिति को आवश्यक दस्तावेज, जानकारी एवं वांछित सहयोग उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
अब समिति की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पुस्तक परिवहन से जुड़ी शिकायत में लगाए गए आरोपों और तथ्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।