राजनीति

सागर शराबकांड को लेकर सरकार पर बरसे राहुल गांधी, बोले- दवा, शराब और पानी तक जहरीला; हादसे के बाद कार्रवाई नहीं, जहरीली शराब से मौतों पर कब तय होगी जवाबदेही

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शासन-प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और बार-बार सामने आ रहे हादसों के बावजूद स्थायी रोकथाम के उपाय नहीं किए जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि जहरीली शराब ने सागर में कई परिवारों को उजाड़ दिया और घर-घर मातम पहुंचा दिया है। उन्होंने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे हादसों के बाद कुछ गिरफ्तारियां, कुछ अधिकारियों का निलंबन और जांच के आदेश होते हैं, लेकिन जवाबदेही और स्थायी समाधान का सवाल वहीं खड़ा रह जाता है।

उन्होंने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में दवा, शराब और पानी तक लोगों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नए कानून और नियम बनाए जाते हैं, लेकिन उनका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाता और अगली त्रासदी तक व्यवस्था फिर उसी ढर्रे पर लौट जाती है।

“20 साल की सत्ता, फिर भी हादसों की रोकथाम क्यों नहीं?”

राहुल गांधी ने भाजपा के लंबे शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में 20 साल से अधिक समय से भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर हादसों के बाद होने वाली कार्रवाई को ही जवाबदेही क्यों माना जाए?

उन्होंने सागर मामले में निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि मौतों की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय जिस स्तर पर भी लापरवाही, भ्रष्टाचार या मिलीभगत सामने आए, वहां तक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button