धार- मध्य प्रदेश के धार जिले में महू-नीमच फोरलेन मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सादलपुर थाना क्षेत्र में हिराश्री ढाबे के पास पुलिया पर तेज रफ्तार डिजायर कार डिवाइडर से टकराकर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कार के अंदर बैठे चार युवकों की मौत हो गई। वहीं, कार में सवार पांचवां युवक बाहर गिरने के कारण बच गया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे का शिकार हुए सभी युवक आपस में दोस्त थे और राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार, पुलिया से नीचे गिरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे पांचों युवक डिजायर कार से सागौर लौट रहे थे। इसी दौरान सादलपुर थाना क्षेत्र में हिराश्री ढाबे के पास पुलिया पर चालक की तरफ का टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पुलिया के नीचे खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन भी बाहर निकल गया। इसके बाद कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि कार के नीचे गिरने के दौरान एक युवक बाहर गिर गया, जबकि चार युवक अंदर ही फंस गए। आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।
चार दोस्तों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। कार के अंदर फंसे चारों युवकों की मौत हो गई। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेजा गया। हादसे में घायल पांचवें युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में तीन 19 से 20 वर्ष के युवक
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम पिता विक्रम चौधरी (20), चेतन पिता जीवन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल पिता संतोष तिवारी (19) और अभिषेक पिता लक्ष्मण सोलंकी के रूप में हुई है। अंकुश और चेतन धाकड़ धर्मशाला के पास, बड़ी सागौर के निवासी थे। आदित्य चौधरी मोहल्ला, बड़ी सागौर का निवासी था, जबकि अभिषेक सुहागपुर, सागौर का निवासी बताया गया है। वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान तुषार पिता मुकेश मंडलोई (20), निवासी माधोपुर, सागौर के रूप में हुई है।
एएसपी ने बताया, टायर फटने से हुआ हादसा
मामले में एएसपी पारुल बेलापुरकर ने मीडिया को बताया कि हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे सादलपुर के पास हिराश्री ढाबे के नजदीक पुलिया पर हुआ। पांचों युवक राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने के बाद डिजायर कार से सागौर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक की तरफ का पहिया फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे खाई में गिर गई और उसमें आग लग गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। दर्शन कर घर लौट रहे दोस्तों की यात्रा का इस तरह दुखद अंत होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।