मध्यप्रदेश

सनातन हिन्दू रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की जेब काटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 5 महिलाओं समेत 10 आरोपी गिरफ्तार, करीब 42 लाख का चोरी का माल जब्त, वारदात में इस्तेमाल 3 लग्जरी कारें भी पुलिस ने की बरामद

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

अमानगंज- बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू रथयात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेब काटने, सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पांच महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई तीन लग्जरी कारों सहित करीब 42 लाख रुपये का चोरी का माल जब्त किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, बीती 12 अक्टूबर को अमानगंज में आयोजित रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:15 बजे रथयात्रा अमानगंज पहुंची और स्टेडियम मैदान में कार्यक्रम के बाद लगभग 3:30 बजे पवई की ओर रवाना हो गई। इसी दौरान विधायक बंगले के आगे एक ढाबे के सामने भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने वारदातों को अंजाम दिया।

इस दौरान एक श्रद्धालु की जेब से नकदी चोरी कर ली गई। वहीं अमित सोनी, जयप्रकाश चतुर्वेदी और संतोष सोनी की सोने की चेन तथा एक महिला का मंगलसूत्र भी चोरी हो गया। इसके अलावा अन्य श्रद्धालुओं की जेब से रुपये चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से खुला राज

घटनाओं के खुलासे के लिए अमानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की तकनीकी सहायता, संदिग्धों की आवाजाही के मार्ग और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और तीन लग्जरी कारें बरामद की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई से भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में सक्रिय गिरोह का खुलासा हुआ है।

राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जुड़े आरोपी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के निवासी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीता बावरिया, पुष्पा तोमर, सुनील बबली, नीरज श्रीवास्तव, आरती खटीक, जोनी बावरिया, पपीता बाई राजपूत, मोनू सिंह, लीला राम यादव और उर्मिला बावरिया के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में जब्त सामग्री और आरोपियों की भूमिका के संबंध में पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button