Blogमध्यप्रदेश

जबलपुर रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में पारले-जी (Parle-G) बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 से 8 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- शहर के रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित पारले-जी (Parle-G) बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:15 बजे अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में मौजूद खाद्य तेल, पैकेजिंग सामग्री, गत्ते के डिब्बे और प्लास्टिक जैसी ज्वलनशील वस्तुओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र की करीब 7 से 8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए इसे बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए गए।

सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला

एहतियात के तौर पर फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से फैक्ट्री में रखे तैयार बिस्किट और कच्चे माल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और रिछाई औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी घटना की जानकारी जुटाने में लगे हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button