Blog

130 जरूरतमंद परिवारों को 30-30 किलो राशन वितरित, जीवदया फाउंडेशन के सहयोग से ढीमरखेड़ा के चार गांवों में पहुंचाई राहत

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मानव जीवन विकास समिति ने जीवदया फाउंडेशन के सहयोग से भारत राहत कार्यक्रम के तहत ढीमरखेड़ा विकासखंड के जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न सहायता पहुंचाई। सलैया, बिचुआ, कोकोडबरा और भलवारा गांव में आयोजित वितरण कार्यक्रम में प्री-स्कूल पोषण एवं शिक्षा कार्यक्रम से जुड़े बच्चों के परिवारों सहित गरीब एवं जरूरतमंद कुल 130 परिवारों को राहत किट प्रदान की गई।

प्रत्येक परिवार को 30 किलोग्राम राशन उपलब्ध कराया गया, जिसमें 26 किलोग्राम चावल और 4 किलोग्राम दाल शामिल है। संस्था की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सहायता उपलब्ध कराने के साथ बच्चों के पोषण और शिक्षा को भी सहयोग देना है।

मानव जीवन विकास समिति के सचिव एवं पर्यावरणविद् निर्भय सिंह ने कहा कि आवश्यकता के समय जरूरतमंद परिवारों को सूखा राशन उपलब्ध कराकर सहायता करना संस्था के लिए संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि परिवार स्वस्थ और खुशहाल रहें तथा बच्चे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर पढ़ाई कर सकें, यही सेवा कार्य का प्रमुख उद्देश्य है।

राशन सामग्री प्राप्त करने वाले लाभार्थी परिवारों ने संस्था के इस सेवा कार्य के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मानव जीवन विकास समिति की टीम एवं वालंटियर्स के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग ढीमरखेड़ा की सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button