मध्यप्रदेश

जबलपुर में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 11 बच्चे घायल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

टक्कर के बाद पलटी वैन, कांच टूटने से दो बच्चे बाहर गिरे; मेडिकल अस्पताल में उपचार जारी,

जबलपुर- संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर पुरवा में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने स्कूल से घर लौट रहे बच्चों से भरी वैन को पीछे से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के बाद वैन सड़क पर पलट गई। हादसे में वैन सवार 11 बच्चे घायल हुए हैं। सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक ब्रिटिश स्कूल के बच्चे वैन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धनवंतरी नगर चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अर्टिगा ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के कांच टूट गए और दो बच्चे बाहर जा गिरे। वहीं, अर्टिगा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

सीसीटीवी फुटेज सामने आया

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में वैन में 20 बच्चों के होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में 11 बच्चों के सवार होने की पुष्टि हुई।

Related Articles

Back to top button