Blogमध्यप्रदेश

उमरियापान में बदहाल सफाई व्यवस्था, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर दे रहे बीमारियों को न्योता, आम नागरिक और दुकानदार परेशान

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

उमरियापान- ग्राम पंचायत उमरियापान के न्यू बस स्टैंड सहित कई जगह में फैली गंदगी और कचरे के ढेर लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। यहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों और स्थानीय नागरिकों का आना-जाना रहता है, लेकिन बस स्टैंड परिसर में फैले कचरे के कारण लोगों का खड़ा होना और बैठना तक मुश्किल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरपंच से कई बार शिकायत और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। कचरे से उठने वाली दुर्गंध पूरे मोहल्ले में फैल रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

बस स्टैंड के आसपास खाने-पीने की दुकानें भी संचालित हो रही हैं। ऐसे में कचरे के ढेर पर मंडराती मक्खियां और कीटाणु लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। यात्रियों को बस का इंतजार करने के दौरान भी गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने सवाल उठाया है कि जब सार्वजनिक स्थान और रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही वाले बस स्टैंड की यह स्थिति है, तो बस्ती के अंदर सफाई व्यवस्था के क्या हाल होंगे। स्थानीय नागरिकों ने सरपंच और ग्राम पंचायत प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड से कचरे को तत्काल हटवाया जाए और नियमित रूप से सफाई कराई जाए, ताकि गंदगी से फैलने वाली बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button