शिवपुरी- ब्राह्मण और जाटव समाज के लोगों एवं महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले में करैरा थाना पुलिस ने आरोपी आजाद लोधी को उत्तरप्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को शनिवार को शिवपुरी लेकर पहुंची, जहां उसे करैरा न्यायालय में पेश किया गया। गंभीर प्रकरण दर्ज होने के चलते न्यायालय ने वारंट जारी कर आरोपी को जेल भेज दिया।
लगातार की थीं आपत्तिजनक टिप्पणियां
करैरा अनुविभाग के ग्राम बैसोरा निवासी आजाद लोधी पर ब्राह्मण और जाटव समाज के लोगों को लेकर सोशल मीडिया पर एक के बाद एक आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप हैं। इस मामले में करैरा और पिछोर थाने में प्रकरण दर्ज किए गए थे। घटना के बाद सर्व समाज के लोगों ने रैली निकालकर आरोपी की गिरफ्तारी, उसका जुलूस निकालने और जिलाबदर की कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
मथुरा में छिपा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मथुरा में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उत्तरप्रदेश पहुंची और शुक्रवार शाम आरोपी आजाद लोधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे शिवपुरी लेकर आई। बताया गया कि आरोपी का जुलूस निकाले जाने की चर्चा थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने उसे सीधे करैरा न्यायालय में पेश किया।
8 मामलों में दर्ज है आरोपी का नाम
दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह के अनुसार, आरोपी आजाद लोधी के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 8 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गुंडा सूची में शामिल कर लिया है। साथ ही उसका जिलाबदर करने का प्रस्ताव तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया है। प्रस्ताव पर कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर सामाजिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।