सागर/बंडा। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा ब्लॉक में संदिग्ध अवैध एवं मिलावटी शराब के सेवन से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अब तक 13 लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल 10 मौतों की पुष्टि की है। अस्पतालों में भर्ती कई प्रभावितों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित मरीजों का हाल जाना और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पिछले दो दिनों में शराब का सेवन करने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा किसी भी तरह के लक्षण होने पर तत्काल स्क्रीनिंग कराने की सलाह दी जा रही है।
CM के निर्देश पर आबकारी विभाग में कार्रवाई
मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए दोषियों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद आबकारी विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।
इसके साथ ही तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इनमें कीर्ति दुबे, सहायक आयुक्त आबकारी सागर; दिलीप खंडाते, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर; और प्रोशनी उरेती, आबकारी उप निरीक्षक, वृत्त बंडा शामिल हैं।
ललितपुर से नकली शराब आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध नकली शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। शासन ने मामले की जांच के लिए सागर जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र की कई शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा सहित कई क्षेत्रों में शराब दुकानें बंद कराई गई हैं।
पोस्टमार्टम के बाद भी शव रोकने से परिजन परेशान
घटना के बीच बंडा में पोस्टमार्टम के बाद भी कुछ अधिकारियों द्वारा शव रोके जाने की बात सामने आई, जिससे मृतकों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजन शव मिलने का इंतजार करते रहे और प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर नाराजगी भी जताई।
कांग्रेस ने मांगी उच्चस्तरीय जांच
सागर शराबकांड को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना भी बंडा पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में संदिग्ध नकली शराब के सेवन से 10 लोगों की मौत के मामले में राज्य शासन ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला अब प्रशासनिक जांच के साथ-साथ शराब के सैंपलों की जांच और सप्लाई चैन की पड़ताल तक पहुंच गया है।