मध्यप्रदेश
दिल्ली में आज गूंजेगा संस्कारधानी का नाम, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में जबलपुर को राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार, महापौर जगत बहादुर (अन्नू) और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार होंगे सम्मानित
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

लगातार सुधरे AQI ने दिलाई देशभर में पहचान, नागरिकों की सहभागिता और निगम के जमीनी प्रयासों से स्वच्छ हवा की दिशा में जबलपुर ने रचा नया इतिहास
जबलपुर- संस्कारधानी जबलपुर ने पर्यावरण संरक्षण और वायु प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पटल पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026’ में जबलपुर नगर निगम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आज 7 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार केंद्र सरकार से राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त करेंगे।
जबलपुर की हवा बदली, देश ने माना
जबलपुर की यह उपलब्धि महज एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहर में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए लगातार जमीनी प्रयासों की राष्ट्रीय मुहर है। नगर निगम ने वर्षभर धूल और प्रदूषण नियंत्रण के लिए योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाए। धूल रहित फुटपाथों का निर्माण, प्रमुख चौराहों एवं खाली स्थानों पर छोटे उद्यानों का विकास, नाला-नालियों और कंजरवेंसियों की धूल-मुक्त सफाई तथा आधुनिक डी-फॉगर मशीनों के माध्यम से धूल कणों को नियंत्रित करने जैसे प्रयासों से शहर की आबोहवा में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।





