कटनी- पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं जल निगम मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में ग्रामीण नागरिकों को पेयजल आपूर्ति निर्बाध और निरंतरता के साथ सुनिश्चित कराने ग्रामीण नल जल योजना संचालन,संधारण एवं प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और आवश्यक जानकारी दिए जाने हेतु संभाग स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन जबलपुर में हुआ। जल निगम के प्रबंध संचालक एवं पूर्व कलेक्टर कटनी श्री के.व्ही.एस.चौधरी ने ग्रामीण पेयजल आपूर्ति की मूल अवधारणा, प्रत्येक परिवार को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने,ग्राम पंचायतों द्वारा पेयजल आपूर्ति,नियोजन एवं वित्तीय व्यवस्था,संचालन-संधारण एवं प्रबंधन की कार्यप्रणाली , जिला एवं जनपद स्तरीय स्वच्छता समितियां, डिजिटल एप्लीकेशन का उपयोग के संबंध में विस्तार से प्रतिभागियों को जानकारी देते हुए उपयोगी टिप्स दिए एवं जिज्ञासु प्रतिभागियों के प्रश्नों का सरलता से समाधान किया। सेवा निवृत्त जल निगम के मुख्य महाप्रबंधक श्री पी.के रघुवंशी एवं ग्रामीण जल नीति विशेषज्ञ,पीएमयू, जल निगम श्री प्रबल प्रताप सिंह ने पेयजल गुणवत्ता एवं जल निरंतरता सुनिश्चित कराने तथा पंचायत दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बिल एवं भुगतान के के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रशिक्षणार्थियों को दी।
सीईओ जिला पंचायत सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने विचार किए साझा
आयोजित मैराथन कार्यशाला में प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने ग्रामीण नागरिकों को शुद्ध पेयजल की निरंतर आपूर्ति, जल की गुणवत्ता हेतु 22 जून 2026 को प्रकाशित राजपत्र में प्रकाशित नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विचार साझा किए। उन्होंने ग्राम पंचायतों द्वारा अधिरोपित कर, शुल्क, प्रभार और ऑनलाइन करों,शुल्क के देयक जारी करने की विधि और नागरिकों द्वारा ग्राम पंचायत ऑनलाइन भुगतान किए जाने के संबंध में वृहद रूप से अवगत कराया।
इन जिलों के प्रतिभागी शामिल हुए
आयोजित संभाग स्तरीय एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में जबलपुर, कटनी,डिंडोरी एवं नरसिंहपुर के पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
इनकी रही मौजूदगी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री हनुमत गुप्ता सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तकनीकी अधिकारी और अन्य जिला तथा खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।