मध्यप्रदेश

नवरात्रि-दशहरा को लेकर जबलपुर पुलिस अलर्ट, नियमों के पालन की अपील, डीजे-लाउडस्पीकर निर्धारित समय-सीमा में बजाएं, पंडालों में विद्युत सुरक्षा मानकों का रखें ध्यान, संदिग्ध गतिविधि की सूचना 112 पर दें

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- नवरात्रि एवं विजयदशमी (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जबलपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने जिले की सभी दुर्गा उत्सव समितियों एवं नागरिकों से पर्व के दौरान पुलिस द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं अनुशासन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

पुलिस ने ध्वनि नियंत्रण को लेकर स्पष्ट किया है कि डीजे एवं लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित नियमों और समय-सीमा के भीतर ही किया जाए। वहीं, दुर्गा पंडालों में विद्युत व्यवस्था करते समय सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की गई है, ताकि शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से सजग नागरिक की भूमिका निभाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा नियमों के उल्लंघन की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार आपात स्थिति में नागरिक 24 घंटे 112 पर अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना दे सकते हैं।

पुलिस ने दुर्गा उत्सव समितियों से भी अपील की है कि वे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें और पर्व की गरिमा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button