मध्यप्रदेश

जबलपुर के व्हीकल फैक्ट्री क्षेत्र में संदिग्ध युवक हिरासत में, खुद को बताया पाकिस्तानी, जांच में निकला हरदोई (उप्र) का निवासी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- जिले के व्हीकल फैक्ट्री क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को रांझी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक ने कभी अपना नाम शिवा तो कभी हामिद अंसारी बताया और खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया। उसके लगातार बदलते बयानों से पुलिस भी सतर्क हो गई।

स्थानीय लोगों ने युवक पर मंदिर के पास कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस स्तर पर इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने युवक की पहचान, उसके जबलपुर पहुंचने की वजह और उसके बयानों की वास्तविकता की जांच शुरू की। इस दौरान उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

बाद में पुलिस की जानकारी में युवक की पहचान शिवम पाठक, निवासी गौसगंज, हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में सामने आई। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और युवक के जबलपुर आने तथा उसके द्वारा अलग-अलग पहचान बताए जाने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button