जनलोक टाइम्स कटनी- जिले में 5 वर्ष तक के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दस्तक अभियान सह स्टॉप डायरिया कैंपेन का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त तक जिले भर में संचालित होगा। अभियान के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य की घर-घर जाकर जांच की जाएगी तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान के तहत 5 वर्ष तक के बच्चों की हीमोग्लोबिन जांच कर एनीमिया की पहचान की जाएगी। साथ ही बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। डायरिया से बचाव और उपचार के लिए ओआरएस एवं जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी तथा अभिभावकों को स्वच्छता, पोषण और बच्चों की देखभाल के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में डायरिया, कुपोषण, एनीमिया सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समन्वय के साथ घर-घर पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी।
जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और स्वास्थ्य टीम के घर पहुंचने पर बच्चों की जांच अवश्य कराएं, ताकि प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण का लाभ मिल सके।